मुजफ्फरनगर: रोहाना टोल पर सांसद चंद्रशेखर आजाद और इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के बीच तीखी बहस, VIDEO वायरल

मुजफ्फरनगर: रोहाना टोल पर सांसद चंद्रशेखर आजाद और इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के बीच तीखी बहस, VIDEO वायरल

मुजफ्फरनगर। जनपद में नगीना लोकसभा सीट से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (रावण) और मुजफ्फरनगर पुलिस के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। रोहाना टोल प्लाजा पर सांसद के काफिले की कुछ गाड़ियों को रोकने के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में तीखी नोकझोंक में बदल गया। इस दौरान शहर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह और सांसद चंद्रशेखर आजाद के बीच सड़क पर खुलकर बहस हुई, जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ काफिले में मुजफ्फरनगर से गुजर रहे थे। इसी दौरान रोहाना टोल के पास पुलिस ने उनके काफिले की कुछ गाड़ियों को रोक दिया। गाड़ियों को रोके जाने पर सांसद ने आपत्ति जताई और स्वयं वाहन से उतरकर पुलिस अधिकारियों से इसका कारण पूछने लगे। देखते ही देखते मौके पर समर्थकों, राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह हाथ जोड़कर सांसद से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह कहते सुनाई देते हैं, “मैं इंस्पेक्टर हूँ और इंस्पेक्टर ही रहूँगा।”

इस पर सांसद चंद्रशेखर आजाद भी तीखी प्रतिक्रिया देते नजर आते हैं। वायरल वीडियो में वह कहते सुनाई देते हैं, “कौन मना कर रहा है कि आप इंस्पेक्टर नहीं हैं? हम तो आपकी इज्जत कर रहे हैं। आपके अधिकारी मालिक नहीं हैं, लोकतंत्र है यह। जनता सबसे बड़ी है।”

दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस का दौर चलता रहा। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मौके पर माहौल गर्म हो गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों और मौजूद लोगों के प्रयासों से मामला शांत कराया गया, जिसके बाद सांसद का काफिला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक तथा प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद समर्थक और आम लोग भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन अथवा सांसद चंद्रशेखर आजाद की ओर से घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पूरे घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *