बागपत। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर शुक्रवार को बागपत में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर ग्रामीण समाज विकास केंद्र (GSVK) और सहयोगी संस्था जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन (JRC) के संयुक्त तत्वावधान में विकास भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद बाल विवाह के खिलाफ संदेश देने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें करीब 675 महिलाओं, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार, समाज कल्याण विभाग की अधिकारी नीलम, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी वंदना गुप्ता और चाइल्ड हेल्पलाइन काउंसलर रोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के समन्वयक मौजूद रहे। इस दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) टीम ने भी सहभागिता की।

बाल विवाह के दुष्परिणामों पर हुई चर्चा
विकास भवन में आयोजित बैठक के दौरान बाल विवाह की रोकथाम और इससे जुड़े सामाजिक, शैक्षिक तथा स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए प्रशासन, संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की रोकथाम के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की रैली
बैठक के बाद मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में लगभग 675 महिलाओं के साथ आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया और समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की गई।
प्रतिभागियों ने सामुदायिक स्तर पर बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को यह समझाना रहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य मिलना चाहिए।
सामाजिक संस्थाओं और विभागों ने मिलकर चलाया अभियान
ग्रामीण समाज विकास केंद्र की ओर से जिला समन्वयक अमित, राहुल, अनमोल गुप्ता और प्रिंस कार्यक्रम में मौजूद रहे। संस्था के प्रतिनिधियों ने अभियान के सफल संचालन में सहयोग किया।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह के उन्मूलन के लिए प्रशासन, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और समुदाय के बीच समन्वय मजबूत करना है। साथ ही लोगों को इस सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूक कर बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का एहसास कराना है।

