मायावती का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, सपा के ‘जन-मन मेनिफेस्टो’ को बताया हवा-हवाई; बोलीं- जनता रहे सावधान

मायावती का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, सपा के ‘जन-मन मेनिफेस्टो’ को बताया हवा-हवाई; बोलीं- जनता रहे सावधान

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के जारी ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ को हवा हवाई बताया है।

बसपा प्रमुख ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा कि, प्रदेश में सपा ने ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से गुरुवार को जारी किया गया ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही हवाहवाई है। उनका यह पत्र ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है।

उन्होंने कहा कि वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी रहा है। धन्नासेठाें का समर्थन करता है, जिसका ताजा उदाहरण प्रदेश से राज्यसभा के लिए हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव हैं। पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी गयी है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी।

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि इन बातों से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणा पत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है। समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।

बसपा ने अपने शासनकाल प्रदेश में कानून का राज कायम करने, हर हाथ को काम दिया गया। जो विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते हैं।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके दामन पर भी खासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया रहा है। यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *