नौ की लकड़ी नब्बे खर्च। यह कहावत नागरिक उड्डयन विभाग और बिजली निगम के बीच 318 रुपये की वापसी को लेकर चल रहे पत्र व्यवहार से रोचक हो उठी है। उड्डयन विभाग का पत्र बिजली निगम से 318 रुपये की वापसी के लिए दफ्तर-दफ्तर दौड़ रहा है।

जितनी रकम है, उससे ज्यादा पत्र की टाइपिंग, प्रिंटिंग, डाक से भेजने में खर्च हो चुके होंगे मगर विभाग का तगादा जारी है। ये रुपये कुशीनगर एयरपोर्ट के रनवे से एचटी विभाग द्वारा बिजली निगम को दी गई रकम से बचे हैं। यह मामला कुशीनगर एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारी के वक्त का है। प्रधानमंत्री को लोकार्पण करना था इसलिए यूपी सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थीं। रनवे के पास से बिजली के हाईवोल्टेज तार जा रहे थे। उसे हटाया जाना था।

नागरिक उड्डयन विभाग ने बिजली निगम से मदद मांगी। निगम के माध्यमिक कार्यखण्ड ने एचटी लाइन हटाने के लिए 6,73,45,000 रुपये का इस्टीमेट जुलाई-2020 में दिया। काम जरूरी था लिहाजा उड्डयन विभाग ने रकम का भुगतान कर दिया। माध्यमिक कार्य खण्ड के अभियंताओं ने ठेकेदार के माध्यम से एचटी लाइन शिफ्ट कराकर जुलाई, 21 में उपयोगिता प्रमाण पत्र कुशीनगर के डीएम को सौंप दी। काम के बाद 318 रुपये बच गए।
रकम सरकारी है, इसलिए उसकी वापसी भी जरूरी थी। इसके लिए उड्डयन विभाग के निदेशक वित्त ने 15 सितम्बर को कुशीनगर के डीएम को पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण में कुछ विभागों को खर्च के लिए दिए गए बजट में कुछ राशि बची है। उसे विभाग के खाते में जमा करा दिया जाए। डीएम ने यह पत्र एडीएम वित्त व राजस्व को भेजा।
एडीएम राजस्व व वित्त कार्यालय से विद्युत वितरण खण्ड कसया के साथ ही माध्यमिक कार्यखण्ड में पत्र पहुंचा है। पत्र मिलने के बाद माध्यमिक कार्यखण्ड के एसडीओ व एक्सईएन समेत अन्य कर्मचारी पुरानी फाइल खंगालने में जुटे हैं। रोचक यह है कि पत्र एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर दौड़ रहा है। जितनी रकम मिलनी है, संभव है कि उससे ज्यादा पत्र व्यवहार में खर्च हो गए हों।
अन्य विभागों पर बाकी हैं 4.19 करोड़
नागरिक उडड्यन विभाग के निदेशक वित्त के पत्र के मुताबिक बिजली निगम पर 318 रुपये के बकाए के साथ ही भूमि अध्याप्ति विभाग व ट्रांसमिशन जोन पर उड्डयन विभाग का 4.19 करोड़ रुपये बकाया है। कुशीनगर के डीएम का पत्र पाने के बाद बिजली निगम का माध्यमिक कार्य खंड 318 रुपये के भुगतान को लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) को पत्र लिखने की तैयारी कर रहा है।
माध्यमिक कार्यखण्ड के सहायक अभियंता ई विपिन सिंह ने बताया कि कुशीनगर के जिला प्रशासन के माध्यम से नागरिक उडड्यन विभाग के निदेशक का पत्र मिला है। हमारे खण्ड ने एयरपोर्ट के रनवे से 33 केवी व 11 केवी की लाइन शिफ्ट कराई थी। इस कार्य में विभाग के 318 रुपये बचे हैं, उसे मांगा है। एमडी को पत्र भेजने की प्रक्रिया चल रही है। सीधे उड्डयन विभाग के खाते में जमा हो जाएगी।
कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी देवी दया वर्मा ने कहा कि नागरिक उडड्यन विभाग लखनऊ ने पत्र भेजकर बताया है कि कुशीनगर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अलग-अलग विभागों को दिए गए बजट में से कुछ रकम विभागों के पास बची है। सभी संबंधित विभागों को पत्र भेजकर निर्देश दिया गया है कि वे शेष रकम का लेखा शीर्षक खाते में भुगतान चालान के माध्यम से कर दें।