12 जुलाई को देवघर दौरे पर PM मोदी, सुरक्षा में तैनात सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को लगेगी बूस्टर डोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 जुलाई को प्रस्तावित देवघर दौरे के दौरान ड्यूटी पर तैनात झारखंड सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों को शुक्रवार को covid-19 रोधी टीके की एहतियाती खुराक लगाई जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि देवघर जिला प्रशासन ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुरुवार को यह निर्णय लिया। झारखंड में गुरुवार को कोरोना वायरस के 102 नए मामले सामने आए थे। इनमें से 11 मामले देवघर में दर्ज किए गए थे। हालांकि, गुरुवार को राज्य में संक्रमण से किसी के दम तोड़ने की सूचना नहीं है।

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री देवघर हवाईअड्डे का उद्घाटन करेंगे, जो 401 करोड़ रुपए की लागत से 657 एकड़ भूमि पर बनाया गया है। इसमें 2,500 मीटर लंबा रनवे भी मौजूद है, जिससे एयरबस ए320 विमानों का उड़ान भरना और लैंडिंग करना संभव है। हवाईअड्डे में छह चेक-इन काउंटर के साथ 5,130 वर्ग फीट का टर्मिनल भवन बनाया गया है, जिससे एक बार में 200 यात्री प्रवेश कर सकते हैं। मोदी का 14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने का भी कार्यक्रम है।

श्रावणी मेले को झारखंड का सबसे बड़ा सामाजिक-धार्मिक आयोजन माना जाता है, जहां हर साल सावन के महीने में देश-विदेश से औसतन 35 लाख से अधिक श्रद्धालु जुटते हैं। देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को जारी एक आदेश में कहा कि शुक्रवार को जिला मुख्यालय के कचहरी परिसर स्थित सूचना भवन में एक टीकाकरण टीम तैनात की जाएगी, जो सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक टीके लगाएगी। भजंत्री ने इस दौरान प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़ी ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कोविड-19 टीके की एहतियाती खुराक लगवाने के लिए कहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *