मुजफ्फरनगर नगर पालिका में हड़ताल की चेतावनी! कर्मचारियों ने ईओ को सौंपा छह सूत्रीय मांग पत्र, 13 जुलाई से कार्य बहिष्कार का ऐलान

मुजफ्फरनगर नगर पालिका में हड़ताल की चेतावनी! कर्मचारियों ने ईओ को सौंपा छह सूत्रीय मांग पत्र, 13 जुलाई से कार्य बहिष्कार का ऐलान

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी पवन कुमार को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 13 जुलाई से नगर पालिका के कर्मचारी कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे और कार्य बहिष्कार करेंगे।

स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन शाखा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिशासी अधिकारी पवन कुमार के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के हितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और उनका जल्द समाधान कराने की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं लंबित हैं, लेकिन बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद उनका समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि आंदोलन जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन हमेशा बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहता है और टकराव की स्थिति से बचना चाहता है। उन्होंने कहा कि यदि पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई नहीं की तो 13 जुलाई को दोपहर दो बजे के बाद नगर पालिका परिषद के सभी कर्मचारी कलमबंद हड़ताल करते हुए कार्य बहिष्कार करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन आमजन को होने वाली संभावित असुविधा और नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर पड़ने वाले प्रभाव से भलीभांति परिचित है। इसलिए संगठन आंदोलन को अंतिम विकल्प मानता है, लेकिन यदि कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी की जाती रही तो आंदोलन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

संगठन ने प्रशासन से समय रहते कर्मचारियों की मांगों का समाधान कर विवाद की स्थिति समाप्त करने की अपील की है, ताकि नगर पालिका की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों और कर्मचारियों को भी उनके अधिकार मिल सकें।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडलाध्यक्ष मोहम्मद सालिम, संरक्षक प्रवीण कुमार और दुष्यंत कुमार, उपाध्यक्ष फिरोज खान, विकास कुमार, विवेक कुमार, उप महामंत्री नितिन कुमार और मनीष कुमार, प्रचार मंत्री आकाशदीप, संगठन मंत्री सुनील गर्ग, मनोज बालियान, उप संगठन मंत्री दीपक शर्मा, वसीम, गोपी वर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *