मुजफ्फरनगर में फूड सेफ्टी का बड़ा एक्शन! सड़े-गले नींबुओं से बन रही थी मीठी चटनी, 25 किलो खराब माल मौके पर कराया नष्ट

मुजफ्फरनगर में फूड सेफ्टी का बड़ा एक्शन! सड़े-गले नींबुओं से बन रही थी मीठी चटनी, 25 किलो खराब माल मौके पर कराया नष्ट

मुजफ्फरनगर। जनपद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। खाद्य आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को नई मंडी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक अचार प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया। जांच के दौरान सड़े-गले नींबुओं से मीठी चटनी तैयार किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 25 किलोग्राम खराब नींबुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय अर्चना धीरान के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में गठित टीम ने नई मंडी स्थित बिट्टू अचार भंडार का औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान में तैयार की जा रही नींबू की मीठी चटनी और बेलपत्थर के मुरब्बे के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रतिष्ठान में लगभग 25 किलोग्राम सड़े और खराब नींबू मिले, जिनका उपयोग खाद्य सामग्री तैयार करने में किया जा रहा था। इसे आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए विभाग ने तत्काल सभी खराब नींबुओं का विनष्टीकरण करा दिया। नष्ट किए गए नींबुओं की अनुमानित कीमत करीब ढाई हजार रुपये बताई गई है।

जांच के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। परिसर में स्वच्छता संबंधी कई कमियां मिलने पर विभाग ने संचालक के विरुद्ध सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर किया जाए, अन्यथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह और पूनम चौधरी भी शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से शहर के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है। कई प्रतिष्ठानों पर संचालकों ने अपने यहां साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर तत्काल सतर्कता बरतनी शुरू कर दी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने स्पष्ट कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में मिलावटी, दूषित और असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *