मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव के पास रविवार सुबह सड़क किनारे बिखरी गिट्टी से एक बाइक फिसल गई। इस हादसे में बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर फैली गिट्टी को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

शिवगढ़ (हिनौती) निवासी रामदास (४६) डगमगपुर चौराहे की ओर से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। उसरहवा गांव के समीप सड़क पर फैली गिट्टी के कारण उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक से गिरने के कारण उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पड़री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामदास को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर बिखरी गिट्टी को हादसे का कारण बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल सफाई कराने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

