प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा: सई नदी में डूबे तीन किशोर, दो सगे भाई; गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा: सई नदी में डूबे तीन किशोर, दो सगे भाई; गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सई नदी के खीरी बीर घाट पर रविवार को घूमने गए तीन किशोर उफनाई नदी में डूब गए। इनमें दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश अभियान में जुटी है।

नगर क्षेत्र स्थित सई नदी के खीरी बीर घाट पर घूमने गए तीन किशोर उफनाई नदी के तेज बहाव में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम तीनों की तलाश में जुटी हुई है।

नगर कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि क्षेत्र के अचलपुर लेखपाल कॉलोनी निवासी सगे भाई कृष्णा सोनी (13) और अनुराग सोनी (15) पुत्रगण रामजी सोनी तथा अमित सोनी (16) पुत्र राजू सोनी रविवार सुबह सई नदी के खीरी बीर घाट पर पहुंचे थे। तीनों नदी में नहाने के लिए उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से डूब गए।

घटना के दौरान नदी में मौजूद मछुआरों ने किशोरों को डूबते देखा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक तीनों किशोरों की तलाश जारी थी।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही नदी में डूबे किशोरों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चों के नदी में डूबने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनाई नदियों और गहरे जलाशयों में उतरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *