कानपुर में जाजमऊ गंगापुल से युवक ने लगाई गंगा में छलांग, दोस्त और भाई के सामने हुआ लापता

कानपुर में जाजमऊ गंगापुल से युवक ने लगाई गंगा में छलांग, दोस्त और भाई के सामने हुआ लापता

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में जाजमऊ गंगापुल पर शनिवार देर रात एक युवक ने अपने दोस्त और छोटे भाई के सामने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार लापता युवक की पहचान उन्नाव के अखलाक नगर निवासी इरफान (28) उर्फ धनु के रूप में हुई है। वह दीवार कटिंग का काम करता था। उसके परिवार में पिता मोहम्मद इरसाद उर्फ छुन्ना अली, मां शाहबा खातून तथा दो छोटे भाई इमरान और अरमान हैं। युवक के दोस्त आबिद ने बताया कि हरजिंदर नगर चौराहे के पास एक शराब की दुकान पर इरफान का मोबाइल पर किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने शराब पी। कुछ देर बाद उसका छोटा भाई इमरान भी वहां पहुंच गया। इसके बाद तीनों ने जाजमऊ चौराहे से मछली खरीदी और दो बाइक से घर के लिए निकल पड़े।

आबिद के मुताबिक, जाजमऊ गंगापुल पर पहुंचते ही इरफान अचानक बाइक से उतर गया और तेजी से पुल की रेलिंग की ओर दौड़ा। वह कुछ समझ पाते और उसे रोकने की कोशिश करते, उससे पहले ही उसने गंगा में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह नदी के तेज बहाव में ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ थाना पुलिस, जल पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। नदी में जाल डालकर और नावों की मदद से काफी देर तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता मोहम्मद इरसाद ने प्रशासन से बेटे की जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उसके परिजनों, दोस्त और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *