मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत बामी गांव में शराब ठेके पर हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल युवक की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

बामी गांव निवासी संजय कुमार (35) का गुरुवार देर शाम अपने एक रिश्तेदार के साथ शराब ठेके पर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उसकी मौत हो गई।

लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में परिवार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

