ओवैसी-चंद्रशेखर गठजोड़ पर BJP सांसद रमेश अवस्थी का तंज, बोले- भाजपा के जनाधार पर नहीं पड़ेगा असर

ओवैसी-चंद्रशेखर गठजोड़ पर BJP सांसद रमेश अवस्थी का तंज, बोले- भाजपा के जनाधार पर नहीं पड़ेगा असर

कानपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठजोड़ पर कानपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रमेश अवस्थी ने इसे विपक्ष की एक और चुनावी कवायद बताया है। उनका कहना है कि अलग-अलग दलों के साथ आने से भाजपा के जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को कहा कि दोनों नेताओं के पास ऐसा कोई राजनीतिक आधार नहीं है, जिससे प्रदेश की सत्ता की लड़ाई में बड़ा बदलाव आ सके। उन्होंने इस गठजोड़ को शून्य से शून्य का मिलन बताते हुए कहा कि केवल जाति और धर्म के सहारे चुनावी राजनीति करने से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता। उनके मुताबिक, मतदाता अब विकास और सरकार के कामकाज को देखकर फैसला कर रहे हैं।

उन्होंने भाजपा की चुनावी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने से भाजपा के सामने कोई मुश्किल खड़ी नहीं होगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। अवस्थी ने कहा कि नए राजनीतिक गठबंधनों को लेकर भाजपा के बजाय सपा और कांग्रेस को अपनी रणनीति की चिंता करनी चाहिए। अखिलेश यादव और राहुल गांधी को यह देखना होगा कि चुनाव में उनके सामने किस तरह की राजनीतिक चुनौती खड़ी हो रही है। चुनाव नजदीक आने पर दूसरे दल भी अपने समीकरण बनाने की कोशिश करेंगे।

प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा पर भी अवस्थी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने बिहार और बंगाल के चुनावी प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि वहां के नतीजों से कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी पार्टी को बड़ी कामयाबी मिलने की उम्मीद नहीं है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *