अमेठी में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, भाभी और बहन गंभीर घायल

अमेठी में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, भाभी और बहन गंभीर घायल

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत रानीगंज-वारिसगंज मार्ग पर भीखनपुर के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के लुसई का पुरवा निवासी श्याम बहादुर भाभी सनी कुमारी और बहन ऊषा के साथ जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के दिछौली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात काे बाइक से घर लौट रहा था। भीखनपुर के पास मुर्गी दाना लदे तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तीनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने श्याम बहादुर (20) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।

सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *