नोएडा में CRPF डॉक्टर से लूट! स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पत्नी समेत पीटा, 2 तोले की चेन लूटी

नोएडा में CRPF डॉक्टर से लूट! स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पत्नी समेत पीटा, 2 तोले की चेन लूटी

नोएडा। नोएडा में स्कॉर्पियो कार सवार बदमाशों ने मार्केट में खरीदारी करने गए सीआरपीएफ में तैनात डाक्टर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर दो तोले की सोने की चेन लूट लिया। इस घटना में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सुषमा सिंह आजाद ने आज सुबह को थाना बिसरख में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पति डॉक्टर अंकुर सिंह आजाद जो कि सीआरपीएफ के बटालियन 221 वीं वाहिनी ग्रेटर नोएडा में वर्तमान समय में सेकंड इन कमांड (मेडिकल) के पद पर तैनात हैं। उनके साथ खरीदारी करने के लिए 23 अगस्त की रात को गई थी। महिला के अनुसार जैसे ही वे लोग अपनी कार खड़ी करके मार्केट की तरफ बढ़े एक स्कॉर्पियो एन कार में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उन्हें और उनके पति को घेर लिया। बदमाशों ने पति-पत्नी के ऊपर अचानक हमला बोल दिया। वह अपने पति को बचाने आई तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार उन्होंने मारपीट कर उनके पति के गले से दो तोले की सोने की चेन लूट ली।

इस घटना में उनके पति के सिर और शरीर में गंभीर चोट आई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई। पुलिस ने उनके पति को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। महिला के अनुसार उनके पति के सिर में गंभीर चोट होने की वजह से उनका तब से अब तक उपचार चल रहा है। महिला का कहना है कि अगले दिन पुलिस ने उन्हें फोन करके बताया था कि जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया था उन्हें पकड़ लिया गया है, लेकिन ना तो पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज किया था और ना ही पकड़े गए बदमाशों के बारे में पूरी जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार अपने पति का उपचार करवाने के बाद उन्होंने आज इस मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *