बागपत। बागपत जिले के बड़ौत नगर की अति व्यस्त खत्री गढ़ी क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े युवक की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई। आरोपित पति-पत्नी मोके से फरार है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपेंद्र के रूप में हुई है। बताया गया कि दीपेंद्र खत्री गढ़ी वह एक इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर सेंटर पर नौकरी करता था। बुधवार को वह क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान उसका चाय की दुकान चलाने वाले दंपती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दंपती ने दीपेंद्र पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दंपती ने दीपेंद्र के साथ मारपीट की जिसमे उसके सिर में चोट लग गई। गंभीर चोट लगने से दीपेंद्र मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपित दंपती मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद खत्री गढ़ी में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।
कोतवाली प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि वारदात के पीछे क्या कारण रहा और दंपती ने किस विवाद के चलते दीपेंद्र पर हमला किया, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फरार आरोपित दंपती की तलाश में दबिश दे रही है। सीओ बड़ौत अंशु जैन का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है।

