जौनपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ डाला छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी भीड़

जौनपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ डाला छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी भीड़

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लोक आस्था का महापर्व डाला छठ सोमवार को धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। गोमती नदी के पावन तट सहित जिले के विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया। सुबह होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जिले के प्रमुख छठ घाटों गोपी घाट, अचला घाट, हनुमान घाट, बीबीपुर घाट और बेलाव घाट पर भोर से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर छठ के पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं ने रात में ही पूजा की तैयारियां पूरी कर ली थीं। पूजा की थालियों में फल, सुथनी, केला, अमरूद, नारियल, ठेकुआ और चिउड़ा सहित अन्य पूजन सामग्री सजाई गई थी। तीन दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में महिलाओं ने खरना के बाद निर्जला उपवास रखा और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया।

मान्यता है कि छठ पर्व में भगवान सूर्य और माता षष्ठी की उपासना करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है तथा संतान की लंबी उम्र और खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त होता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।

इस दौरान व्रती महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाकर अपनी आस्था प्रकट की। क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *