औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के महावीरगंज में बीती रात आकाश मशीनरी स्टोर एंड हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकान मालिक नुनु शर्मा बताए जा रहे हैं। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

हालांकि, तब तक दुकान में रखा मशीनरी और हार्डवेयर का सामान आग की चपेट में आकर जलकर राख हो चुका था। आग से दुकान में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद दुकान मालिक को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। फिलहाल आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

