नोएडा-गाजियाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, 36 घंटे के व्रत का पारण

नोएडा-गाजियाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, 36 घंटे के व्रत का पारण

नोएडा। लोक आस्था का महापर्व छठ का उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने आज सुबह को समापन किया। छठ व्रत की धूम यमुना और हिंडन नदी के विभिन्न घाटों , सेक्टरों, सोसाइटियों और गांवों में बने कृत्रिम तालाबों में देखने लायक रही। सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ ही घाट छठ माता के जयकारों से गूजांयमान हो गए। इस अवसर पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी भी की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। एनसीआर में सूर्योदय का समय सुबह 06:44 बजे का रहा। व्रतियों ने सुबह से ही घाटों पर पहुंचकर उषा अर्घ्य की तैयारी पूरी कर ली थी। अर्घ्य के लिए तड़के ही व्रती और उनके परिवारजनों ने सूप-दउरा में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल समेत पारंपरिक प्रसाद सजा लिया था।

छठ पूजा में उषा अर्घ्य का विशेष महत्व है। अर्घ्य के दौरान व्रती सूर्यदेव और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। उषा अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया है।

छठ व्रत को सकुशल संपन्न कराने के लिए नोएडा और गाजियाबाद की पुलिस ने भी कमर कसी थी। कल से आज सुबह तक पुलिस के भारी जवान विभिन्न घाटों पर तैनात रहे। छठ व्रत को लेकर यातायात भी डायवर्ट किया गया था। पुलिस उपायुक्त नोएडा प्रीति यादव ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना की अब तक जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि यमुना और हिंडन नदी में गोताखोर और नावों की भी तैनाती की गई थी, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *