जानसठ के राजपुर कलां में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, फायरिंग के आरोप के बाद पुलिस तैनात

जानसठ के राजपुर कलां में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, फायरिंग के आरोप के बाद पुलिस तैनात

मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र के गांव राजपुर कलां में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। विवाद के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप लगने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव राजपुर कलां में आकाश व महक सिंह पक्ष और दूसरी ओर छोटू सुरेश पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के कुछ लोग पुराने मामलों में आरोपी हैं और वर्तमान में न्यायालय से जमानत पर बाहर हैं। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने तनावपूर्ण रूप ले लिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान खुलेआम हवाई फायरिंग की गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही जानसठ पुलिस सक्रिय हुई और इंस्पेक्टर विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से गोली चलने के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को चिह्नित कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *