मुजफ्फरनगर। प्रस्तावित शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर रोहाना कलां के किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण के बदले बाजार मूल्य के अनुरूप मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के मुजफ्फरनगर स्थित आवास पर पहुंचा। किसानों ने मंत्री को मांग पत्र सौंपकर सर्किल रेट बढ़ाने और आठ गुना मुआवजा दिलाने की मांग रखी।

जानकारी के अनुसार महत्वाकांक्षी शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे तहसील सदर क्षेत्र के करीब 30 गांवों से होकर गुजरने प्रस्तावित है। इस परियोजना में रोहाना कलां गांव की बड़ी मात्रा में कृषि भूमि शामिल की जा रही है। एक्सप्रेसवे के साथ यहां एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज भी प्रस्तावित है, जिसके लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है। इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना और समाचार पत्रों में भी जानकारी प्रकाशित की जा चुकी है।

किसानों ने कैबिनेट मंत्री को दिए गए मांग पत्र में कहा कि वर्तमान में प्रशासन द्वारा निर्धारित सर्किल रेट जमीन के वास्तविक बाजार मूल्य से काफी कम है। ग्रामीणों का कहना है कि रोहाना कलां की जमीन बेहद उपजाऊ है और एक्सप्रेसवे के साथ इंटरचेंज बनने से इस क्षेत्र का महत्व और बढ़ जाएगा। ऐसे में कम दरों पर मुआवजा मिलने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने मांग की कि सरकार सर्किल रेट की दोबारा समीक्षा कर बाजार मूल्य के अनुसार संशोधित करे और भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि जमीन का कम से कम आठ गुना मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रह सकें।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि वह जल्द ही इस मामले में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को पत्र लिखकर सर्किल रेट की समीक्षा कराने और किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की दिशा में पहल करेंगे।
कैबिनेट मंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता बाबा मांगे राम त्यागी, सुशील त्यागी, सतवीर, संजू त्यागी, डॉ. सुरेंद्र टिन्नू, योगेश त्यागी और पूर्व चेयरमैन अनिल त्यागी सहित रोहाना कलां के कई प्रमुख किसान शामिल रहे। किसानों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।

