मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने ससुर पर ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि महिला ने ससुर के निजी अंग पर ब्लेड से वार किया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घायल बुजुर्ग को लहूलुहान हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान महिला ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसका ससुर पिछले करीब दो वर्षों से उसका उत्पीड़न कर रहा था और उसके साथ गलत हरकतें करता था। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने इस संबंध में अपने पति को भी जानकारी दी थी, लेकिन उसकी बात पर विश्वास नहीं किया गया।
महिला के अनुसार शुक्रवार को जब ससुर ने दोबारा उसके साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया तो उसने खुद को बचाने के लिए पास रखे ब्लेड से हमला कर दिया। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से परेशान थी और आत्मरक्षा में उसने यह कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। उसके दो छोटी बेटियां हैं। महिला की सास की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और घर में ससुर, बहू और दोनों बच्चे रहते थे। महिला का पति हरियाणा में रहकर ई-रिक्शा चलाता है, जबकि ससुर स्थानीय स्तर पर टेंपो चलाता है।
घटना के बाद गांव की कुछ महिलाओं ने बताया कि महिला घर से बहुत कम बाहर निकलती थी। ग्रामीणों के अनुसार महिला ने कुछ लोगों को अपने साथ हो रही परेशानी के बारे में बताया था, लेकिन उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बुढ़ाना क्षेत्राधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की। घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए शोषण और छेड़छाड़ के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पीड़िता के पति को मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्राप्त तहरीर के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

