नोएडा। नोएडा के थाना जारचा में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर का शव आज सुबह को थाना कैंपस में बने स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 बैच के उपनिरीक्षक रश्मि गौतम (28) का शव आज सुबह को उनके घर पर बाथरूम के अंदर मिला है। वह थाना जारचा में तैनात थी। उन्होंने बताया की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस हार्ट अटैक या बीमारी के एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।

उन्होने बताया कि मृतका मूल रूप से जनपद कानपुर नगर की रहने वाली थी। उनके पिता ने आज सुबह को जब उनका फोन मिलाया तो उनका फोन नहीं ऊठा। उनके पिता ने उनके पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला कांस्टेबल से बात की। उसके बाद थाना जारचा के प्रभारी को फोन किया। जब पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उनका शव बाथरूम के अंदर उनके घर पर मिला। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आएगी मौत का सही कारण बताना मुश्किल है।

