मुजफ्फरनगर। बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एवं ग्रामीण समाज विकास केंद्र की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रुड़की रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से नौ वर्षीय बच्ची को रेस्क्यू किया गया। बच्ची को आवश्यक प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया, जिसके बाद उसे चाइल्डलाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

अभियान के दौरान बच्ची के भविष्य और शिक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की गई। उसे शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जनकपुरी कंपोजिट विद्यालय में दाखिला कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से अनुमति भी प्राप्त की गई, ताकि बच्ची नियमित रूप से विद्यालय जाकर पढ़ाई कर सके और उसका भविष्य बेहतर बनाया जा सके।

इस अभियान में ग्रामीण समाज विकास केंद्र की ओर से गौरव और रविता मौजूद रहे। दोनों ने मौके पर पहुंचकर अभियान की गतिविधियों में सहयोग किया तथा बच्ची को भिक्षावृत्ति से बाहर निकालकर शिक्षा से जोड़ने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए।
ग्रामीण समाज विकास केंद्र के सचिव मेहर चंद ने कहा कि बाल भिक्षावृत्ति समाज के सामने एक गंभीर समस्या है। बच्चों का बचपन सड़कों और चौराहों पर बीतने के बजाय स्कूलों में होना चाहिए। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि केवल बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें दोबारा ऐसी परिस्थितियों में जाने से रोकने के लिए उनके परिवारों की स्थिति को समझना और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी कोई बच्चा भिक्षावृत्ति करता दिखाई दे तो उसे प्रोत्साहित करने के बजाय संबंधित विभागों और बाल संरक्षण संस्थाओं को इसकी सूचना दें। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
संस्था की ओर से बताया गया कि बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। संस्था का प्रयास है कि जरूरतमंद और वंचित बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए, जिससे वे सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें।
