जालाैन में सूने मकान में लाखों की चोरी, छह लाख के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार

जालाैन में सूने मकान में लाखों की चोरी, छह लाख के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार

उरई। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। रविवार की सुबह घटना की जानकारी उस समय हुई जब गृहस्वामी वापस घर पहुंचे और मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी विपिन कुमार किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर अलमारी व बक्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह जब विपिन कुमार वापस अपने घर पहुंचे तो दरवाजे के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवरात व अन्य कीमती वस्तुएं गायब थीं। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये है।

घटना की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। वहीं, कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *