कई बड़े शोज में किया काम, अब कॉल सेंटर में काम कर रही है ये फेमस TV एक्ट्रेस

मुंबईः कोरोना वायरस के बाद कई लोगों को बुरे दौर से गुजरना पड़ा. मनोरंजन जगत पर भी कोरोना का बुरा प्रभाव देखे को मिला. कई टीवी एक्टर्स को बुरे दौर से गुजरना पड़ा. इन्हीं एक्टर्स में टीवी अभिनेत्री एकता शर्मा का नाम भी शामिल है, जो लंबे समय से छोटे पर्दे से दूर हैं. ‘कुसुम’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहु थी’, ‘ब्रह्मराक्षस’, ‘विषकन्या’ और ‘सोलह श्रंगार’ जैसे शोज का हिस्सा रहीं एकता शर्मा पिछले कुछ दिनों से काम को लेकर काफी परेशान हैं, उन्हें टीवी में लंबे समय से कोई काम नहीं मिल रहा है, जिसके चलते अब वह कॉल सेंटर में काम करने को मजबूर हैं.

एकता के अनुसार, उन्हें अपना घर चलाने के लिए कॉल सेंटर में काम करना पड़ रहा है. उन्होंने बीते कुछ समय में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं. खासकर कोरोना के बाद. महामारी के बाद से ही उनके बुरे दौर की शुरुआत हुई और फिर घर चलाने के लिए उन्हें कॉल सेंटर में नौकरी करनी पड़ी. एकता इन दिनों मुंबई में एक किराए के मकान में रह रही हैं.

एकता ने ETimes के साथ बातचीत में बताया कि कोरोना के बाद उनके बुरे दिनों की शुरुआत हो गई थी. एकता को आखिरी बार सीरियल ‘बेपनाह प्यार’ में देखा गया था. जैसे ही शो खत्म हुआ, उनसे भी काम छिन सा गया. उन्हें एक्टिंग के ऑफर्स नहीं मिल रहे थे, ऐसे में उन्हें अपना घर चलाने के लिए कॉल सेंटर में नौकरी का फैसला लेना पड़ा.

एकता शर्मा कहती हैं- ‘एक्टिंग जगत में काम नहीं मिल रहा था. मैंने बहुत स्ट्रगल किया, घर में बैठे-बैठे इंतजार करती थी कि मुझे कोई अच्छा मौका मिल जाए. किसी प्रोजेक्ट में एक रोल मिल जाए. मुझे अपने काम से बहुत प्यार है और मैं चाहती हूं कि एक्टिंग जगत में वापसी करूं. लेकिन, लगातार लुक टेस्ट और ऑडिशन देने के बाद भी कोई काम नहीं मिला. उम्मीद है, जल्द कोई काम मिलेगा. लेकिन, मैं इंडस्ट्री के लोगों से नाराज हूं, जिन्होंने ना तो मेरी मदद की और ना ही काम दिया.’

एकता की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वह इन दिनों अपनी 8 साल की बेटी की कस्टडी की लड़ाई लड़ रही हैं. मुश्किल दौर में एकता पूरी कोशिश में जुटी हैं कि वह एक्टिंग जगत में वापसी कर सकें और चीजों में सुधार हो. रिपोर्ट्स के अनुसार, एकता ने 2009 में अनिल डोडे नाम के बिजनेसमैन से शादी की थी और 2014 में उनके घर बेटी का जन्म हुआ था.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *