राजनाथ सिंह बोले- विकसित भारत का सपना सिर्फ अर्थव्यवस्था नहीं, संस्कार और चरित्र निर्माण भी जरूरी

राजनाथ सिंह बोले- विकसित भारत का सपना सिर्फ अर्थव्यवस्था नहीं, संस्कार और चरित्र निर्माण भी जरूरी

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारा लक्ष्य ऐसा राष्ट्र बनाना है, जहां परिवारों में संस्कार, समाज में सद्भाव, महिलाओं के प्रति सम्मान, युवाओं में अनुशासन और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो। उन्होंने कहा कि देश केवल कानूनों से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। कानून व्यवस्था बनाए रख सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव अच्छे संस्कारों से ही पैदा होते हैं। रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ के सुलतानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण करने के बाद यह बात कही।

राजनाथ सिंह ने कहा कि यह भवन सूर्य की भांति आध्यात्मिकता के प्रकाश को लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में प्रसारित करने में सहायक होगा। ब्रह्माकुमारीज ने आध्यात्मिकता के माध्यम से लाखों लोगों को जीवन में पूर्णता की ओर बढ़ने का अवसर दिया है। संस्था लगभग 140 देशों तक पहुंचकर मानवता को शांति, संतुलन और आत्मसम्मान का संदेश दे रही है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज की बहनें नशामुक्ति अभियान चला रही हैं। संस्था के सदस्य अपने सेवा कार्यों से राष्ट्र निर्माण को गति दे रहे हैं। ऐसे प्रयास आध्यात्मिक चेतना, सेवाभाव और समर्पण से ही संभव हैं। आध्यात्मिक विकास केवल व्यक्तिगत मुक्ति का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण का भी माध्यम है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को दिशा देने का पवित्र जरिया है। राजनीति का नाम सुनते ही आज युवाओं में नकारात्मक भाव पैदा होते हैं। ऐसे में राजनीति को अध्यात्म और सेवा से जोड़ने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत हित से पहले समाज के हित को महत्व देना चाहिए। राजनीति में आने वालों के मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। भारत में राजधर्म की समृद्ध परंपरा रही है। राजा को प्रजा के सुख-दुख का सहभागी होना चाहिए। आज युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए इसी दृष्टिकोण को फिर से स्थापित करना जरूरी है। यदि राजनीति में सेवा, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण दिखाई देगा तो युवा भी इससे जुड़ेंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ आज अपनी नई पहचान बना रहा है। शिक्षा, संस्कृति, रक्षा, सुरक्षा, उद्योग और व्यापार सहित हर क्षेत्र में शहर अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विकास की नई संभावनाओं के साथ लखनऊ देश के सामने एक नई भूमिका में उभर रहा है।

ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब जोन प्रभारी राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक ओपी श्रीवास्तव और भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *