मुजफ्फरनगर(काशिफ जमाल) । एमजी पब्लिक स्कूल के द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए 75वां आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान में योगदान के लिए आज विद्यालय प्रांगण में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम और राष्ट्रवाद की भावना के बीच 1536 तिरंगा झण्डा वितरित किये गये। इस तिरंगा झण्डा को अपने घरों पर फहराने का आह्नान भी स्कूल द्वारा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों से किया गया। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के प्रति विद्यार्थियों को जागरुक करने और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों एवं क्रांतिकारियों के जीवन के बारे में भी बताया गया। एम.जी. पब्लिक स्कूल की प्रिंसीपल श्रीमति मोनिका गर्ग ने बताया कि स्कूल प्रांगण में हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत एक देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने अपने शिक्षक और शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बच्चों ने मानव श्रृंखला के साथ सुन्दर कलाकृतियां बनाकर एक राष्ट्रवाद और देश के प्रति प्रेम के भाव का जागृत करने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में देश इस साल स्वतंत्रता दिवस के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस महोत्सव से हर घर-हर व्यक्ति को जोड़ने के लिए ही सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान को शुरू किया है। उन्होंने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक घरों और दुकानों पर राष्ट्रध्वज फ्लैग कोड के अनुसार फहराया जाना है। इस अवसर पर बच्चों को उन्होंने देश की आजादी के संघर्ष की विस्तापूर्वक जानकारी दी। प्रिंसीपल श्रीमति मोनिका गर्ग ने बताया कि विद्यालय में बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ को 1536 तिरंगा झण्डा का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी को फ्लैग कोड आफ इंडिया के नियम-कायदों की जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम का मकसद लोगों को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। इससे बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत होगी और तिरंगे को लेकर उनमें और प्रेम पैदा होगा। सभी ने कार्यक्रम में देशप्रेम की भावना से भाग लिया और भारत माता की जय, वन्देमातरम आदि नारों के माध्यम से एक जोशीला वातावरण बनाने का काम किया गया। तिरंगे के साथ बच्चों द्वारा बनाई गई सभी कलाकृतियां सराहनीय रहीं। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों में असीम उत्साह बना रहा।
