शराब पार्टी बनी मौत की महफिल: दोस्त ने ईंट से कूचकर ली विपिन की जान, हत्या के बाद मेरठ में भड़का आक्रोश

शराब पार्टी बनी मौत की महफिल: दोस्त ने ईंट से कूचकर ली विपिन की जान, हत्या के बाद मेरठ में भड़का आक्रोश

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त को पहले शराब पिलाई और फिर पुरानी रंजिश के चलते ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सोमवार सुबह आर्मी ग्राउंड में खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का खुलासा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कंकरखेड़ा स्थित आर्मी ग्राउंड में लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव के ऊपर एक बाइक भी पड़ी हुई थी। युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा आसपास खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव की पहचान न्यू गोविंदपुरी निवासी विपिन के रूप में की। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि विपिन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह रविवार रात करीब आठ बजे घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। पूरी रात परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक फुटेज में विपिन अपने मित्र तालिब के साथ जाता दिखाई दिया। परिजनों से पूछताछ में भी पता चला कि रविवार रात विपिन आखिरी बार तालिब के साथ ही देखा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने रविवार रात साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी तालिब ने बताया कि करीब बीस दिन पहले उसका विपिन से झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश वह मन में रखे हुए था। इसी वजह से उसने योजना बनाकर विपिन को अपने साथ बुलाया और शराब पिलाई।

आरोप है कि जब विपिन अधिक नशे की हालत में पहुंच गया तो तालिब ने ईंट से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव के पास ही विपिन की बाइक छोड़कर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तालिब को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

उधर हत्या की सूचना मिलते ही मृतक के घर पर भारी संख्या में लोग पहुंच गए। विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी परिवार से मुलाकात की और घटना को लेकर नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, उसके घर पर बुलडोजर चलाने और कठोर दंड की मांग की। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपिन परिवार का महत्वपूर्ण सहारा था और उसकी मौत से घर पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का कहना है कि वृद्ध पिता के पैरों का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था और ऐसे समय में परिवार का सबसे छोटा बेटा उनसे हमेशा साथ खड़ा रहता था।

मृतक के पारिवारिक जीवन की बात करें तो उसकी शादी वर्ष 2016 में शामली की एक युवती से हुई थी, लेकिन विवाह के छह माह बाद ही दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद विपिन ने दोबारा शादी नहीं की। वह अपने माता-पिता, बड़े भाई, भाभी और उनके बच्चों के साथ रहता था और मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था।

मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आर्मी ग्राउंड में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। जांच में सामने आया कि मृतक अपने मित्र तालिब के साथ था। दोनों ने शराब पी थी और बाद में विवाद होने पर तालिब ने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें किस तरह हिंसक रूप ले रही हैं और दोस्ती जैसे भरोसेमंद रिश्ते भी अपराध की भेंट चढ़ते जा रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *