औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम सबलपुर में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद भी विवाह संपन्न नहीं हो सका। चढ़ावे को लेकर हुए विवाद और दूल्हे पर नशे में होने के आरोपों के बीच दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के देवराव गांव निवासी अंशु कुमार की बारात सबलपुर गांव पहुंची थी। बारात का स्वागत धूमधाम से किया गया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार जयमाल समेत कई रस्में भी पूरी कराई गईं। इसी दौरान चढ़ावे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मामले की सूचना मिलने पर सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद दुल्हन पिंकी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
दूल्हा अंशु कुमार का कहना है कि वह तयशुदा सभी सामान और चढ़ावा लेकर बारात में आया था। उसके अनुसार किसी प्रकार की कोई कमी नहीं थी और वह नशे की हालत में भी नहीं था। अचानक शादी से इनकार किए जाने से उसका परिवार स्तब्ध रह गया।
वहीं दुल्हन के पिता संतराम ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था और पहले से तय चढ़ावा भी पूरा नहीं लाया गया था। उनका कहना है कि इसी बात से नाराज होकर उनकी पुत्री ने शादी करने से मना कर दिया।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष सहायल थाने पहुंचे, जहां कई घंटे तक बातचीत चली। अंततः आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का सामान वापस कर दिया। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और विवाद का शांतिपूर्वक निस्तारण हो गया।

