मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब नशे की हालत में एक युवती ने बीच सड़क जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। युवती दो युवकों के साथ सड़क पर मौजूद थी और किसी बात को लेकर लगातार उत्पात मचा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती पुलिसकर्मियों से ही उलझ गई और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथापाई तक करने लगी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती देर रात सड़क पर जोर-जोर से चिल्ला रही थी। आसपास के लोगों ने जब उसे शांत कराने का प्रयास किया तो वह उनसे भी बहस करने लगी। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार पुलिसकर्मियों से बहस करती रही।

वायरल वीडियो में पर्पल रंग का क्रॉप टॉप और सिल्वर रंग की पैंट पहने युवती सड़क पर खड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में वह एक पुलिसकर्मी के पास जाकर उंगली दिखाते हुए कहती नजर आ रही है कि वह अपने बॉयफ्रेंड से मिलने आई है और इसमें कोई गलत बात नहीं है। युवती पुलिसकर्मी को चुनौती देते हुए उसकी “औकात” तक पर सवाल उठाती दिखाई दे रही है।
इस दौरान मौके पर मौजूद एक युवक उसे बार-बार शांत रहने और वाहन में बैठने के लिए कहता रहा। काफी मशक्कत के बाद युवक युवती को गाड़ी में बैठाने में सफल हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद वह दोबारा बाहर निकल आई और फिर से पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तमाशा देखने वालों का जमावड़ा लग गया।
हंगामे के दौरान युवती ने मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को थप्पड़ भी मार दिया। इसके अलावा उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब युवती शांत नहीं हुई तो पुलिस उसे और उसके साथ मौजूद दोनों युवकों को थाने ले आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया और युवती समेत तीनों लोगों का शांतिभंग की आशंका के तहत धारा 151 के अंतर्गत चालान कर दिया।
क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष ने बताया कि युवती लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवक सरधना के नानू गांव और दूसरा मवाना क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया कि युवती शराब के नशे में थी और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने के साथ पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता कर रही थी। इसी आधार पर तीनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है। वहीं पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने की अपील की है।

