मुजफ्फरनगर: NH-58 पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर

मुजफ्फरनगर: NH-58 पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर

मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे-58 एक बार फिर तेज रफ्तार का गवाह बन गया। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर कट के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर सवार दो युवक हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान शाहपुर कट के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मंसूरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

मंसूरपुर थाना पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही अज्ञात वाहन को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *