खतौली (मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले खतौली ब्लॉक के ग्राम खानपुर में आयोजित किसान संवाद पंचायत में किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार मंथन हुआ। पंचायत में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लेकर खेती, बिजली और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। पंचायत की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता इंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन भाकियू के एनसीआर महासचिव सचिन चौधरी ने किया।

पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष सतेंद्र चौहान ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की लड़ाई को और प्रभावी बनाने के लिए संगठन का विस्तार लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में हरवीर सिंह को ग्राम खानपुर का ग्राम अध्यक्ष तथा कुलदीप तोमर को ट्रैक्टर प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर दोनों पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया और किसान हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

किसान संवाद पंचायत समाप्त होते ही आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया। भाकियू कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में किसानों ने गांव की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पमनावली बिजलीघर पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के एसडीओ, खतौली ग्रामीण तहसील प्रशासन के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
धरने के दौरान किसान नेताओं ने बिजली की अघोषित कटौती, जर्जर विद्युत लाइनें, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की धीमी गति तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसानों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद भाकियू नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। हालांकि किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन फिर से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस अवसर पर विदेश मोतला, अंकुश प्रधान, रणधोल राठी, अनिल प्रधान, गुड्डू चौधरी, यश राठी, मयंक तोमर, शिवा अहलावत, दीपक सिवाच, दुष्यंत शर्मा, रवि सहरावत, मनोज सिवाच, मोहित ठाकुर, सोनू सैफी सहित बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण, भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

