मुजफ्फरनगर। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन की कमान अनुभवी पुलिस अधिकारी इंद्रजीत सिंह को सौंपी है। जनपद के सबसे महत्वपूर्ण थानों में शामिल सिविल लाइन का प्रभारी बनाए जाने को पुलिस महकमे में एसएसपी के विशेष विश्वास के रूप में देखा जा रहा है। इंद्रजीत सिंह ने कार्यभार संभालते ही स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में अपराधियों के लिए किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इंद्रजीत सिंह इससे पूर्व साइबर अपराध विभाग में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने कई जटिल और संवेदनशील मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। साइबर अपराधों की गहन जांच से लेकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थानों में चौकी प्रभारी के रूप में भी उन्होंने अपनी प्रभावी कार्यशैली और निष्पक्ष कार्रवाई के दम पर अलग पहचान बनाई है। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता के बीच उनकी सकारात्मक छवि भी रही है।

सिविल लाइन थाने का कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध की राह पर चल रहे हैं, वे स्वयं अपने रास्ते बदल लें, अन्यथा पुलिस उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं करेगी। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि सट्टा, जुआ, नशे का कारोबार, गोकशी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करने पर भी जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा महत्वपूर्ण थाना सिविल लाइन की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

