मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के हलिया-देवरी मार्ग पर मुड़पेली पावर हाउस के पास बुधवार देर शाम भैंस से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

गंजरिया गांव निवासी जोगेश कोल (40) अपने साथी लालमुनाई कोल (35) के साथ पिपरा बाजार गया था। रात करीब आठ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। मुड़पेली पावर हाउस के पास अचानक सामने आई भैंस से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे जोगेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लालमुनाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों ने घायल को निजी वाहन से मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया। जोगेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में बाइक चालक की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

