हाथरस के सादाबाद में भीषण अग्निकांड: मकान में जिंदा जले बुजुर्ग दंपती, 70 वर्षीय शहजाद और पत्नी सलमा की मौत

हाथरस के सादाबाद में भीषण अग्निकांड: मकान में जिंदा जले बुजुर्ग दंपती, 70 वर्षीय शहजाद और पत्नी सलमा की मौत

हाथरस। उत्तर प्रदेश हाथरस सादाबाद में सादाबाद कस्बे के मोहल्ला कहारान में बुधवार/ बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर के अंदर सो रहे 70 वर्षीय शहजाद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय दंपती का छोटा बेटा शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार शहजाद पेशे से दर्जी थे और अपनी पत्नी व छोटे बेटे के साथ मकान में रहते थे। बुधवार रात खाना खाने के बाद बुजुर्ग दंपती सो गए थे। इसी दौरान अचानक मकान में आग भड़क उठी। रात का समय होने के कारण जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। लपटों ने पूरे मकान को घेर लिया, जिससे दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने मकान के अंदर तलाशी ली, जहां दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए दमकल की टीम व पुलिस बल ने काफी मशक्कत की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *