खरगोन। बड़वानी मार्ग पर बरूड़ फाटे के नजदीक बने हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं के होश उस समय उड़ गए जब उन्होंने यहा खून से लथपथ एक युवक का शव देखा। क्षेत्र में खबर आग की तरह फैली और यहां भीड़ जमा हो गई। मौके पर एसपी धर्मवीरसिंह सहित अमला पहुंचा। शव की शिनाख्ती अवरकच्छ निवासी सतीष जायसवाल के रूप में की गई है। उसके चेहरे को बुरी तरह बिगाड़ा गया है। संभवत: यह चोटें ईट से पहुंचाई गई है। युवक के परिजन मामले को मर्डर बता रहे हैं उधर पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले की पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने अवरकच्छ निवासी सतीष जायसवाल (40) का शव हनुमान मंदिर में शुक्रवार सुबह 9 बजे देखा गया। उसकी बाइक भी मौके पर ही खड़ी थी। सूचना पर तत्काल परिजन भी पहुंचे। भाई हुकूम जायसवाल ने बताया सतीष अपने साडू के घर से लौट रहा था। रास्ते में क्या हुआ इसका पता नहीं है। लेकिन इस तरह से शव की हालत है उसे देखकर परिजन भी हत्या की आशंका जता रहे हैं। उधर, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। हर एंगल पर जांच की जा रही है।

