प्रयागराज में 25 दिसंबर तक शुरू हो सकती है सिक्सलेन पुल की एक लेन, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण

प्रयागराज में 25 दिसंबर तक शुरू हो सकती है सिक्सलेन पुल की एक लेन, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार सुबह प्रयागराज में निर्माणाधीन सिक्सलेन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा सेतु निगम और सड़क परिवहन विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर परियोजना की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर पर इस पुल को आम जनता को समर्पित करने की इच्छा है। हालांकि, अभी पुल पर कुछ तकनीकी कार्य और अंतिम चरण की तैयारियां बाकी हैं, जिनमें अतिरिक्त समय लग सकता है। निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि 25 दिसंबर तक पुल की एक लेन तैयार कर ली जाएगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट है। पुल के निर्माण से प्रयागराज के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही माघ मेला और महाकुम्भ में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को भी जाम और यातायात की परेशानी से काफी राहत मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि जनवरी 2027 तक इसे जनता को समर्पित कर दिया जाए। हालांकि, तकनीकी कार्यों के चलते इसमें कुछ देरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर को आवागमन का एक बेहतर विकल्प मिलेगा।

भाजपा फिर बनाएगी सरकार, जनता को मोदी-योगी के काम पर भरोसा

राजनीतिक सवालों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेता दिल्ली में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का नकली अभिनय कर रहे हैं। उन्हें ऐसा ही करते रहना चाहिए। भाजपा केवल तीस साल ही नहीं, बल्कि जनता के समर्थन से बार-बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से संतुष्ट है। उत्तर प्रदेश में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। जनता राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पहले ही नकार चुकी है।

आजम खान के मामले में न्यायालय के फैसले का सम्मान

आजम खान से जुड़े सवाल पर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति ‘सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ वाली कहावत जैसी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और भाजपा न्यायालय के निर्णय का सम्मान करती है।

अखिलेश यादव के राजनीतिक दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश में अंगद का पैर जमा चुकी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *