दीपोत्सव-2026 की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, राम मंदिर-हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन; सुरक्षा का लिया जाएगा जायजा

दीपोत्सव-2026 की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, राम मंदिर-हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन; सुरक्षा का लिया जाएगा जायजा

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुचें। राम कथा पार्क हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा। मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने स्वागत किया। वह दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का ग्राउंड जीरो पर जायजा लेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। साथ ही राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण भी करेंगे। इसके अलावा वह अधिकारियों के साथ पी०एफ०सी० सभागार, अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। दीपोत्सव के मुख्य अतिथियों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।

यातायात डायवर्जन तैयार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। पूरे आयोजन क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनपदीय पुलिस के अलावा रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है। स्पेशल सिक्योरिटी एजेंसियों की भी तैनाती की गई है, ताकि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री का वीआईपी दौरा सकुशल संपन्न हो सके। प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और मुख्यमंत्री के निरीक्षण से तैयारियों को और मजबूती मिलेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *