प्रयागराज में स्वतंत्र देव सिंह ने गिनाई मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां, विकास योजनाओं का किया उल्लेख
oppo_0

प्रयागराज में स्वतंत्र देव सिंह ने गिनाई मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां, विकास योजनाओं का किया उल्लेख

प्रयागराज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रयागराज के शहीद चन्द्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में रविवार को मीडिया से वार्ता करते जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से निकलकर देश का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की आर्थिक और कूटनीतिक शक्ति को जिस ऊंचाई तक पहुंचाया है, वह आजादी के बाद दशकों तक शासन करने वाली कांग्रेस सरकारें भी नहीं कर सकीं।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी आवाज को गंभीरता से सुना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचे के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

कार्यक्रम में जनपद प्रयागराज में वर्ष 2014 से अब तक विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की उपलब्धियों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।अधिकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, पशुपालन, दुग्ध विकास, समाज कल्याण एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं से लाखों लाभार्थियों को मिले लाभ की जानकारी दी।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनता का सहयोग लगातार मिलता रहेगा।

इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल, विधायक दीपक पटेल, फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, हर्षवर्धन बाजपेई, महापौर गणेश केसरवानी, गंगापार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार राजेश शुक्ला, सीडीओ हर्षिका सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *