नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से गैंगरेप का आरोप, मुजफ्फरनगर में सनसनी; गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित

नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से गैंगरेप का आरोप, मुजफ्फरनगर में सनसनी; गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित

मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दधेड़ू खुर्द गांव निवासी उमर तथा उसके कुछ साथियों ने कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी।

संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 13 जून को प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

एसएसपी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना चरथावल पुलिस की संयुक्त तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *