प्रयागराज। मानसून की विदाई के साथ ही उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अगले सात दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की बहुत अधिक संभावना है। इस अवधि में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहेंगी। आसमान मुख्य रूप से साफ या आंशिक रूप से बादलयुक्त रह सकता है। एक अक्टूबर के बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रयागराज में भी अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

किसानों को मौसम साफ रहने से राहत
बारिश की गतिविधियां कम होने से खेतों में खड़ी फसलों की देखभाल और कटाई-मड़ाई से जुड़े कार्यों में किसानों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि दिन में धूप तेज रहने के कारण तापमान बढ़ने से गर्मी का असर फिर महसूस हो सकता है। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की वापसी के साथ वातावरण में नमी धीरे-धीरे कम हो रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह-शाम मौसम सामान्य बना रहेगा। किसानों को मौसम साफ रहने का लाभ उठाते हुए आवश्यक कृषि कार्य पूरे करने की सलाह दी गई है।
छह अक्टूबर तक कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग के बुलेटिन में 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दर्शाई गई है। इससे आने वाले सप्ताह में आंधी, तेज बारिश या अन्य प्रतिकूल मौसम की संभावना कम है। 30 सितंबर काे मौसम शुष्क रहने की बहुत अधिक संभावना है। इसके बाद छह अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जतायी है।

