उरई। गोहन थाना क्षेत्र के मडोरी गांव में शादी के महज दो महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।

नैनापुर निवासी संतोषी की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। बुधवार देर रात उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद गोहन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।

घटना की जानकारी मिलने पर विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटकाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

