मुजफ्फरनगर में स्कूल बस की टक्कर से किसान की मौत, साथी गंभीर; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

मुजफ्फरनगर में स्कूल बस की टक्कर से किसान की मौत, साथी गंभीर; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बरवाला गांव में तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और चालक की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। देर रात प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, बरवाला गांव निवासी 35 वर्षीय अर्जुन पुत्र राजबीर बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे अपने एक साथी किसान के साथ खेत से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने फरार बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में सदर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। प्रशासन की ओर से शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने तथा आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक भी बरवाला गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रशासनिक अधिकारियों से मृतक के परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा सहित सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र बालियान ने भी मौके पर पहुंचकर सरकार से पीड़ित परिवार के लिए विशेष आर्थिक सहायता पैकेज देने की मांग की। उन्होंने बताया कि मृतक अर्जुन परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनकी पत्नी दिव्यांग है और परिवार में छोटे-छोटे बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। ऐसे में परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर फरार स्कूल बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *