मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने की। बैठक में सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक शुरू होने से पहले एडीजी भानु भास्कर को पुलिस गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए यात्रा मार्ग, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों, यातायात डायवर्जन प्लान, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन, पार्किंग व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा सहायता तथा अग्निशमन सेवाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

बैठक में पिछले वर्षों की कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों और दुर्घटनाओं का विश्लेषण करते हुए इस बार उन्हें रोकने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
एडीजी भानु भास्कर ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रा मार्ग का भौतिक सत्यापन किया जाए और प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करे।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, निर्बाध यातायात व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
एडीजी ने यह भी निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर दिशा-निर्देश और चेतावनी संबंधी सूचना बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाए जाएं। पेयजल, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सूचना का तत्काल खंडन किया जाए तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में डीआईजी अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर यात्रा को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जिम्मेदारी निभाएं।

