बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए निकलती दिखाई दे रही है।

फखरपुर थाना क्षेत्र के भखरौली गांव निवासी 35 वर्षीय शंकर चौहान बाजार से खरीदारी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फखरपुर इलाके में ग्रामीण बैंक के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक उन्हें सड़क पर तड़पता छोड़कर वाहन समेत फरार हो गया।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल शंकर चौहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद फरार कार चालक की पहचान और तलाश को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

