फर्रुखाबाद में दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, टक्कर मारकर दूसरा बाइक सवार फरार

फर्रुखाबाद में दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, टक्कर मारकर दूसरा बाइक सवार फरार

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बाइकों की भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार युवक आनंद जाटव की मौत हो गई।पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।

थाना कमालगंज के ग्राम नरायनपुर गढ़िया निवासी राकेश कुमार का भाई संतोष कुमार एवं छोटा बेटा सत्यभान कायमगंज में दावत खाकर ट्रेन से कमालगंज आ रहे थे। राकेश का बड़ा बेटा आनंद कुमार बाइक से चाचा व भाई को लेने कमालगंज स्टेशन जा रहा था। जब आनंद मिर्जा नगला के पास से गुजर रहा था उसी समय सामने से तेजी से आई बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

ग्रामीणों ने आनंद के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को घायल होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनंद को सीएचसी कमालगंज पहुंचाया। डॉ मानसिंह वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में चोटिल युवक बाइक को लेकर चला गया, जिसकी बाइक की नंबर प्लेट की फोटो खींच ली गई थी।

इसी फोटो के आधार पर राकेश कुमार ने बाइक नंबर (यूपी 70 डीबी 6594) के चालक के विरुद्ध टक्कर मार कर बेटे को मार डालने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करने वाला आनंद करवा चौथ पर घर आया था उसका 6 माह पहले ही पूनम से विवाह हुआ था। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि टक्कर मार कर भागे बाइक चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *