कानपुर में सड़क निर्माण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, चौराहों के चौड़ीकरण के भी निर्देश

कानपुर में सड़क निर्माण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, चौराहों के चौड़ीकरण के भी निर्देश

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर शहर में चल रहे सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान चौराहों का चौड़ीकरण भी साथ कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम हो और बार-बार सड़क खोदने की नौबत न आए। यह निर्देश देर रात शहर के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सबसे पहले सरसैया घाट चौराहे के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। यहां काम प्रगतिरत मिला। अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष दो कार्य भी जल्द पूरे करा लिए जाएंगे। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखते हुए बचे हुए काम प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने ग्रीन पार्क चौराहे से परेड, नई सड़क होते हुए घंटाघर तक मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। ग्रीन पार्क चौराहे पर फुटपाथ की ड्रेसिंग का काम चल रहा था। नगर आयुक्त ने बताया कि संबंधित मार्ग पर यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा हो चुका है। करीब 2.85 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

परेड चौराहे से हैडर्ड चौराहे के बीच अधिकांश हिस्से में फुटपाथ निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सड़क निर्माण बाकी है। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण दिन में काम कराना मुश्किल होता है। ऐसे में निर्माण कार्य मुख्य रूप से रात में कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में अतिरिक्त टीमें और संसाधन लगाकर काम की गति बढ़ाई जाए। जहां अतिक्रमण या अन्य बाधाएं हैं, उनका नियमानुसार तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ ही चौराहों का चौड़ीकरण भी समन्वय बनाकर कराया जाए, जिससे यातायात सुचारु रहे और भविष्य में दोबारा निर्माण की जरूरत न पड़े। अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *