बहराइच उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा: 20 हजार लीटर पानी से भरा टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल

बहराइच उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा: 20 हजार लीटर पानी से भरा टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में सोमवार देर रात दादा मियां के उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पानी से भरा शो का टैंक अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टैंक की कांच की दीवार टूटने से चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन में सीएचसी फखरपुर पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष और शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होना हादसे की वजह बताया जा रहा है।

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में सोमवार देर रात उर्स मेले में जलपरी शो चल रहा था। शो देखने के लिए दर्शक टैंक के आसपास मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान अचानक टैंक तेज आवाज के साथ फट गया। करीब 20 हजार लीटर पानी का तेज बहाव बाहर निकल आया। पानी के दबाव से टैंक की कांच की दीवार टूट गई और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

तेज बहाव में कई बच्चे कई मीटर तक बह गए। टूटे कांच के टुकड़े बच्चों के चेहरे और सिर में धंस गए। कई लोग खून से लथपथ हो गए। बच्चों को घायल देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्चों और अन्य घायलों को संभाला।

हादसे की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी फखरपुर ले जाया गया। सिर और चेहरे में कांच के टुकड़े धंसने से दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। घायलों में गांव के अर्श (8), बुरुऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। सादिक के सिर में टांके लगाए गए हैं। उसने बताया कि जलपरी शो का शीशा टूटने से उसे चोट लगी। हादसे में शो में करतब दिखा रही जलपरी भी घायल हुई है।

फखरपुर निवासी सलीम खान परिवार के साथ उर्स मेले में जलपरी शो देखने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दादा मियां के उर्स पर सोमवार से तीन दिवसीय मेला शुरू हुआ था। शो देखने के लिए 50 रुपये का टिकट लिया था। जलपरी पानी से भरे टैंक में करतब दिखा रही थी, तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। सलीम के मुताबिक, उस समय शो में करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे।

खालेपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स पर तीन दिवसीय मेला आयोजित होता है। इस बार पहली बार मेले में जलपरी शो लगाया गया था। शो में एक लड़की मछली जैसी पोशाक पहनकर पानी से भरे टैंक में करतब दिखाती थी। करीब 20 फीट लंबे और 10 फीट चौड़े टैंक में लगभग 20 हजार लीटर पानी भरा था। टैंक के बाहर कांच की दीवार लगाई गई थी। इसी कांच के टूटने से हादसा हुआ।

घटना के सम्बन्ध में फखरपुर थाना प्रभारी राजकुमार राजभर ने बताया कि जलपरी शो के आयोजन की अनुमति नहीं ली गई थी। उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और शो संचालक शादाब समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेला कमेटी अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण उसके फटने की बात सामने आई है। उन्होंने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *