दीपावली से पहले वाराणसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 501.5 किलो अवैध पटाखे बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

दीपावली से पहले वाराणसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 501.5 किलो अवैध पटाखे बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के सिंधोरा बाजार में अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को सिंधोरा थाना पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 501.5 किलोग्राम निर्मित एवं अर्धनिर्मित पटाखों के साथ पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। मौके से एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास पटाखा निर्माण और भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, आगामी दीपावली त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सिंधोरा पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी की।

इस दौरान मकान से भारी मात्रा में अवैध रूप से निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इनका कुल वजन करीब 501.5 किलोग्राम बताया गया है। मौके पर मौजूद रफीक पुत्र स्व. मजहर, निवासी सिंधोरा बाजार से पुलिस ने पटाखा निर्माण और भंडारण से संबंधित वैध अनुज्ञप्ति मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने रफीक को गिरफ्तार कर विस्फोटक सामग्री कब्जे में ले ली। बरामद सामग्री के नमूने फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम ने वैज्ञानिक परीक्षण के लिए संकलित किए।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पटाखे तैयार कर विभिन्न दुकानों पर बेचने की योजना बना रहा था। इसके लिए उसके पास कोई वैध अनुज्ञप्ति नहीं थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध पटाखों का निर्माण और भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *