खतौली में नौकरानी ने मालकिन के घर से उड़ाया मंगलसूत्र, सर्राफ को बेचने के बाद खुला मामला

खतौली में नौकरानी ने मालकिन के घर से उड़ाया मंगलसूत्र, सर्राफ को बेचने के बाद खुला मामला

मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे में विश्वास को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घरेलू नौकरानी ने कथित रूप से अपनी ही मालकिन के घर से सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया और बाद में उसे कस्बे के एक सर्राफ को बेच दिया। पीड़ित महिला की शिकायत के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरा मामला सामने आ गया।

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने घर से सोने का मंगलसूत्र गायब होने की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए घरेलू नौकरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में नौकरानी टूट गई और उसने मंगलसूत्र चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया जेवर उसने कस्बे के ही एक सर्राफ को बेच दिया था।

इसके बाद पुलिस ने संबंधित सर्राफ को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में सर्राफ ने बताया कि उसने जो मंगलसूत्र खरीदा था, उसे तुरंत गलाकर अन्य आभूषणों में मिला दिया गया है, जिसके चलते अब मूल जेवर वापस करना संभव नहीं है।

जेवर बरामद नहीं होने के बाद थाने में ही दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास शुरू हुए। पुलिस और कस्बे के कुछ संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में सर्राफ ने पीड़ित महिला को नुकसान की भरपाई के लिए राशि देने पर सहमति जताई। हालांकि इस दौरान मंगलसूत्र के वजन को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक विवाद होता रहा।

सर्राफ का कहना था कि उसने जो मंगलसूत्र खरीदा था, उसका वजन करीब दो तोला था, जबकि पीड़ित महिला का दावा था कि उसका चोरी हुआ मंगलसूत्र चार तोले का था। वजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में काफी देर तक बहस और नोकझोंक होती रही।

बाद में दोनों पक्ष एक निश्चित क्षतिपूर्ति राशि पर सहमत हो गए। सर्राफ ने तय रकम पीड़ित महिला को अदा कर दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कहते हुए लिखित समझौता कर लिया। पुलिस ने भी मामले का निस्तारण कर दिया।

हालांकि समझौते के बाद मामला शांत हो गया है, लेकिन कस्बे में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोगों के बीच सर्राफ की भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोगों का कहना है कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को लेकर व्यापारियों को भी सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *